हॉकी लीग: नेशनल स्पोर्टिंग क्लब ने जीता खिताब, उत्तर मध्य रेलवे को दी करारी शिकस्त
हॉकी लीग: नेशनल स्पोर्टिंग क्लब ने जीता खिताब, उत्तर मध्य रेलवे को दी करारी शिकस्त
प्रयागराज, 25 जून (। नेशनल स्पोर्टिंग क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर मध्य रेलवे को 7-2 से हराकर प्रथम हाफिज गजनफर उल्ला इलाहाबाद हॉकी लीग के खिताब पर अपना कब्जा जमा लिया। नेशनल स्पोर्टिंग क्लब ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और फाइनल में भी अपनी लय को बरकरार रखते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर बुधवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में नेशनल स्पोर्टिंग क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल दिखाया। फदह खान ने शानदार हैट्रिक लगाते हुए 3 गोल किए, जबकि अदनान ने 2 गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शाहबाज अली व मोहम्मद शारिक ने भी एक-एक गोल कर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से अभय ने दोनों गोल किए, लेकिन वो अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। मैच के दौरान रेलवे के शोएब को रफ खेल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया। शाहबाज और मेराज खान मैच के निर्णायक रहे, जिन्होंने निष्पक्ष ढंग से मैच का संचालन किया।
खिताबी मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के सदस्य एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता जिबरान उल्ला ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने नेशनल स्पोर्टिंग क्लब को उनकी शानदार जीत पर बधाई दी और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। एमआईसी के प्रधानाचार्य अब्दुल रहमान खान, इलाहाबाद हॉकी की सचिव पुष्पा श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव शाहिद कमाल खान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन सचिव अकील अब्बास रिजवी ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम का संचालन कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी इमरान खान को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर इबादुर रहमान, अरशद अल्वी, मोहम्मद आरिफ, जुल नूरैन, आनंद कुमार, जमशेर, क्षितिज कुमार, मो. गद्दाफी, फुजैल एवं अकील अहमद सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।