राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री योगी के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में लगाई हाजिरी
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री योगी के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में लगाई हाजिरी
वाराणसी,11 मई। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई। मंदिर के गर्भगृह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का अभिषेक गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर से लाए गए पवित्र जल से वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ किया। इसके बाद देश और प्रदेश में सुख समृद्धि की कामना बाबा से की।
मंदिर में दर्शन पूजन के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित त्रयंबकेश्वर बहुउद्देशीय हाल में आयोजित सोमनाथ संकल्प महोत्सव में शामिल हुए। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों द्वारा सामूहिक “ॐ जप” किया जाएगा। मंदिर के शास्त्रियों तथा छात्र-छात्राओं की ओर से शंखनाद भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग से जुड़े आयोजन का लाइव प्रसारण भी किया गया। मंदिर परिसर स्थित सोमनाथ भवन (गोलाकार सभा स्थल) में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंग स्थापित किया गया है। जो भगवान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के स्वरूप का प्रतीक है। सोमनाथ संकल्प का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री संकल्प का वाचन करेंगे तथा उपस्थित सभी श्रद्धालु एवं अतिथि उसका सामूहिक उच्चारण करेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियां भी दी जाएगी तथा सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीम प्रसारण भी किया जाएगा। इसके पहले मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान में बने हेलीपैड पर उतरे। जहां भाजपा के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अफसरों ने उनकी अगवानी की। वाराणसी आने से पहले मुख्यमंत्री ने अपने अधिकृत अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि आज का दिवस आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहेगा। बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी वाराणसी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ के अंतर्गत ज्योतिर्लिंग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।