प्रयागराज समेत 44 जिलों में बारिश का अलर्ट, 25-26 सितंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं

मौसम विभाग ने प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

प्रयागराज समेत 44 जिलों में बारिश का अलर्ट, 25-26 सितंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं

प्रयागराज, 24 सितंबर। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रयागराज में गुरुवार को सुबह बारिश हुई। बारिश के दौरान हवाएं भी चली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र ने गुरुवार शाम चेतावनी जारी करते हुए प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस तरह का मौसम 25 और 26 सितंबर तक बने रहने के आसार मौसम विभाग ने अपने मौसम पूर्वानुमान में जताया है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की विदाई से पहले वातावरण में नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ी हैं। उनके अनुसार अगले कुछ दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर बना रह सकता है। उन्होंने लोगों से मौसम खराब होने पर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार प्रयागराज के साथ सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, आजमगढ़, मऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, कानपुर देहात, उन्नाव, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है।

25-26 सितंबर को और बढ़ेगी बारिश

भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 25 सितंबर को प्रयागराज में गरज-चमक और भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। 26 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 24 सितंबर को भारी बारिश तथा 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

डॉ. पांडेय के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में सावधानी जरूरी है। बिजली चमकने के दौरान खेत, खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचें। किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्य करने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है।