महंगाई पर लगाम लगाए सरकार, व्यापारियों का उत्पीड़न हो बंद : अनूप शुक्ला

महंगाई पर लगाम लगाए सरकार, व्यापारियों का उत्पीड़न हो बंद : अनूप शुक्ला

महंगाई पर लगाम लगाए सरकार, व्यापारियों का उत्पीड़न हो बंद : अनूप शुक्ला

कानपुर, 15 जून । डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और रोजमर्रा की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से आम जनता और व्यापारियों पर भारी बोझ पड़ रहा है। सरकार को बड़ी कंपनियों पर लगाम लगाकर महंगाई पर नियंत्रण करना चाहिए और व्यापारियों के उत्पीड़न को रोकना चाहिए। यह बातें सोमवार को प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कही।

प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में पुरुषोत्तम माह के अंतिम सोमवार को जिला इकाई द्वारा ज्वाला देवी धर्मशाला के सामने दूध वाला बंगला स्थित कार्यालय पर विशाल भंडारा एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनूप शुक्ला ने कहा कि पुरुषोत्तम माह भगवान विष्णु की विशेष कृपा का माह माना जाता है। भगवान विष्णु समस्त सृष्टि के पालनहार हैं और उनकी कृपा से ही संसार का संचालन होता है। उन्होंने कहा कि सरकार भी जनता के हित में कार्य करती है, लेकिन वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि का असर खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। साथ ही व्यापारियों की सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है, जिससे वस्तुओं की उपलब्धता में दिक्कतें आ रही हैं।

अनूप शुक्ला ने कहा कि बड़ी कंपनियां परिस्थितियों का लाभ उठाकर वस्तुओं के दाम बढ़ा रही हैं, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही कुछ अधिकारियों द्वारा व्यापारियों के कथित उत्पीड़न पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। यदि व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो व्यापार मंडल संबंधित अधिकारियों का घेराव करेगा और उनकी सूची मुख्यमंत्री को सौंपेगा।

कार्यक्रम में जेपी यादव, मधु सिंह, पूर्व पार्षद कीर्ति अग्निहोत्री, ओम जी द्विवेदी, शरीफ अहमद, प्रेम पांडेय, हकीम खान, ओमप्रकाश, आशीष त्रिपाठी, संदीप शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।