अजय राय पर मुकदमा दर्ज होने से कांग्रेस भाजपा पर हुई हमलावर, प्रयागराज में योगी सरकार पर साधा निशाना

अजय राय पर मुकदमा दर्ज होने से कांग्रेस भाजपा पर हुई हमलावर, प्रयागराज में योगी सरकार पर साधा निशाना

अजय राय पर मुकदमा दर्ज होने से कांग्रेस भाजपा पर हुई हमलावर, प्रयागराज में योगी सरकार पर साधा निशाना

प्रयागराज, 29 मई । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न मंडलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पार्टी नेताओं ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रयागराज में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता मोहम्मद फरहान ने प्रदेश सरकार पर दलित उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और विपक्ष की आवाज दबाने के गंभीर आरोप लगाए।

कांग्रेस नेता मोहम्मद फरहान ने कहा कि प्रदेश में सुशासन नहीं बल्कि “दुर्योधन और दुशासन की सरकार” चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी दलितों, महिलाओं और पीड़ितों के न्याय की बात करता है, सरकार उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराकर जेल भेजने का प्रयास करती है। फरहान ने कहा कि कांग्रेस नेता जेल जाने से नहीं डरते और दलित उत्पीड़न व भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों के दौरान दलित उत्पीड़न की लाखों घटनाएं हुई हैं और एनसीआरबी के आंकड़े इसकी गवाही देते हैं। फरहान ने कहा कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है तथा दलित बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि महोबा में दलित बेटी के साथ लगातार 14 दिनों तक दुष्कर्म की घटना हुई। लेकिन जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तो सरकार ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और संपत्ति जांच की बात शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के विभिन्न विभागों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है और कांग्रेस अब इन मामलों को जनता के बीच लेकर जाएगी। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश में दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।