युवा शक्ति से ही स्वच्छता बनेगी जनआंदोलन : कृष्ण कुमार मौर्य
युवा शक्ति से ही स्वच्छता बनेगी जनआंदोलन : कृष्ण कुमार मौर्य
प्रयागराज, 12 अगस्त । “युवा देश की धड़कन हैं। जिस तरह वायु को कोई रोक नहीं सकता, उसी तरह युवा शक्ति भी असीम और परिवर्तन की ताकत है।” यह बात सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस प्रा. लि. के आईईसी प्रमुख कृष्ण कुमार मौर्य ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर कही।
उन्होंने युवाओं से स्वच्छता के संदेश को परिवार, विद्यालय और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बुधवार को बताया कि घर और आसपास निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही निर्धारित श्रेणियों में अलग करना स्वच्छता व्यवस्था की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। छात्र-छात्राओं को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
नगर निगम प्रयागराज की ओर से जोन-08 के झूंसी स्थित लाल मनमोहन दास इंटर कॉलेज में बुधवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता, जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छ प्रयागराज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. निरंजन सिंह ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस प्रा. लि. के अशोक कुमार पटेल और राजेंद्र तिवारी ने भारत सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार, चार श्रेणियों में कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया जा सकता है। युवा शक्ति स्वच्छता अभियान की मजबूत कड़ी बनकर स्वच्छ प्रयागराज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।