मुख्यमंत्री योगी ने हमीरपुर को दी 636.82 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

-मुख्यमंत्री योगी बोले- बुंदेलखंड विकास की भर रहा नई उड़ान

मुख्यमंत्री योगी ने हमीरपुर को दी 636.82 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

हमीरपुर, 21 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हमीरपुर जिले के राठ स्थित बीएनवी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में जनपद हमीरपुर को 636.82 करोड़ रुपए की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन की पहचान से निकलकर विकास और निवेश के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और विकास की योजनाओं को बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, पेयजल परियोजनाओं, सड़क निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 75 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 636.82 करोड़ रुपए है। इनमें आधारभूत संरचना, संपर्क मार्ग, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनोपयोगी सुविधाओं से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों को बड़ी विकास सौगात मिली। हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में 284.46 करोड़ रुपए लागत की 45 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें 65.27 करोड़ रुपए की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 219.19 करोड़ रुपए की 24 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं राठ विधानसभा क्षेत्र में 352.35 करोड़ रुपए लागत की 30 परियोजनाओं को शामिल किया गया, जिनमें 159.81 करोड़ रुपए की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 192.54 करोड़ रुपए की 17 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं की थीं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे तथा पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई थी। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।-------------