वायु सेना बैंड की देशभक्तिमयी धुनों से गूंज उठा चंद्रशेखर आजाद पार्क

वायु सेना बैंड की देशभक्तिमयी धुनों से गूंज उठा चंद्रशेखर आजाद पार्क

वायु सेना बैंड की देशभक्तिमयी धुनों से गूंज उठा चंद्रशेखर आजाद पार्क

प्रयागराज, 16 अगस्त।स्वतंत्रता दिवस की देर शाम पर मध्य वायु कमान मुख्यालय के तत्वावधान में वायु सेना स्टेशन बमरौली की ओर से ऐतिहासिक चंद्रशेखर आजाद पार्क में भव्य संगीतमयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय वायु सेना के बैंड की देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

कार्यक्रम में मध्य वायु कमान के वायु अफसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तरूण चौधरी, एवीएसएम, वीएसएम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

भारतीय वायु सेना की राष्ट्र को संगीत से जोड़ने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नंबर-4 वायु सेना बैंड ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। बैंड ने देशभक्ति के गीतों और धुनों के साथ सैन्य रचनाएं, शास्त्रीय संगीत और लोकप्रिय वाद्य संगीत प्रस्तुत किया। कलाकारों ने बेहतरीन तालमेल और सटीकता के साथ प्रस्तुति देकर दर्शकों में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाई। हर प्रस्तुति के बाद दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं और मूल्यों को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही, रक्षा बलों और नागरिकों के बीच संबंधों को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से युवाओं को एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित किया गया।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज विंग कमांडर देबार्थो धर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय वायु सेना और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव को मजबूत करते हैं। संगीत के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को लोगों तक पहुंचाने का यह प्रभावी माध्यम है।