वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने वाले टैक्सी/ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान

—तीन टैक्सी चालक गिरफ्तार,40 वाहनों का चालान

वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने वाले टैक्सी/ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान

वाराणसी, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के वाराणसी बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर राष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार और घेरकर बैठाने के लिए दबाव बनाने वाले टैक्सी/ऑटो चालकों के खिलाफ पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गोमती जोन आकाश पटेल ने कड़ा कदम उठाया है।

डीसीपी गोमती जोन के निर्देश पर मंगलवार को फूलपुर पुलिस ने एयरपोर्ट परिसर में अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने वाले तीन चालकों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम ने 40 चार पहिया वाहनों का चालान व एक वाहन को सीज कर दिया। पुलिस टीम के कार्रवाई से चालकों में हड़कम्प मच गया। डीसीपी गोमती जोन के अनुसार बाबतपुर एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को घेरकर जबरन सवारी के लिए दबाव बनाने तथा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें मिल रही थी। बीते 09 मार्च को भी फूलपुर पुलिस की कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन और यात्रियों को घेरकर सवारी के लिए दबाव बनाने वाले 04 चालकों को गिरफ्तार किया गया था। 02 वाहनों को जब्त किया गया था। इसके बावजूद, पूर्व में दी गई हिदायतों एवं उक्त कार्रवाई के बाद भी चालक सुधर नही रहे थे।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एयरपोर्ट परिसर में 04 पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगाई गई है, जिन्हें ऐसे चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमित रूप से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी टैक्सी/ऑटो चालकों को पुनः सख्त हिदायत दी कि वे केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही अपने वाहन खड़े करें। किसी भी यात्री को घेरकर सवारी के लिए दबाव न बनाएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।