हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराया कैंटर, आठ माह के मासूम और दो महिलाओं की मौत
हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराया कैंटर, आठ माह के मासूम और दो महिलाओं की मौत
हापुड़, 10 मई । उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक कैंटर के डिवाइडर से टकराने से कैंटरसवार दो महिलाओं और आठ माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना इलाके में हुआ । पुलिस के अनुसार, हादसा तड़के करीब तीन बजे गांव जखेड़ा रहमत के पास बरेली से लुधियाना जा रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। कैंटर के तेज रफ्तार से टकराने से कैंटरसवार दो महिलाओं और एक आठ माह के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और शवाें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने अथवा तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हरदोई जिले के मांझ गांव निवासी अभिषेक की पत्नी श्रीदेवी (28)और उनके 8 माह के बेटे अभिजीत के अलावा बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी स्थित सकतीया सिंगवाली गांव निवासी लालाराम की पत्नी सावित्री देवी (32) के रूप में हुई है। हादसे में घायल लालाराम और अभिषेक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई कर रही है और घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।