दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी की खरीद-फरोख्त का आरोप, केस दर्ज
दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी की खरीद-फरोख्त का आरोप, केस दर्ज
कानपुर, 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को दागदार करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने ही पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे पति द्वारा दो लाख रुपये में चार अज्ञात लोगों के हाथों बेच दिया गया। पति ने उन चारों के साथ संबंध बनाने का दबाव डाला और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले युवक के साथ हुई थी। सितंबर 2025 में पति ने दहेज में दो लाख रुपये और पल्सर बाइक मांगी थी। मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। हद तो तब हो गई जब वह शराब पीकर घर में महिला के साथ मारपीट करने लगा। जब उसका इससे भी मन ना भरा, तो उसने पत्नी को चार अज्ञात लोगों के हाथों बेच दिया और कहा उनके साथ संबंध बनाओ।
पीड़िता का आरोप है कि उसने पति की बात मानने से इनकार कर दिया। जिसके बाद गुस्साए युवक ने कई दिनों तक उसे भूखा रखा और जान से मारने की धमकी देता रहा। किसी तरह से वह अपने पति के चंगुल से छूटकर थाने पहुंची और उसने अपने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। छावनी थाना प्रभारी अरविंद राज ने मंगलवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले में अग्रिम विधि कार्रवाई की जा रही है।