मुरादाबाद में मालगाड़ी से कटकर युवक-युवती की दर्दनाक मौत, प्रेम प्रसंग की आशंका

मुरादाबाद में मालगाड़ी से कटकर युवक-युवती की दर्दनाक मौत, प्रेम प्रसंग की आशंका

मुरादाबाद में मालगाड़ी से कटकर युवक-युवती की दर्दनाक मौत, प्रेम प्रसंग की आशंका

मुरादाबाद, 19 जून  जनपद मुरादाबाद के थाना बिलारी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात एक हृदयविदारक घटना घटी, जिसमें एक युवक और युवती की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक (देहात) ने गुरुवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात लगभग 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बिलारी थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती ट्रेन से कट गए हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों की पहचान कराई। मृतकों की पहचान गांव सैफपुर जगना निवासी सुशांत उर्फ भोला (20 वर्ष) और आशी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों की मौत मालगाड़ी से कटने के कारण हुई।

घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सुशांत और आशी के बीच प्रेम संबंध थे और आशंका है कि इसी वजह से दोनों ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची है और जांच कर रही है।

एसपी देहात ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और विवेचना रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सही वजह का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस प्रेम प्रसंग और आत्महत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।