मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला की मौत
मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला की मौत
प्रयागराज, 14 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित औद्योगिक थाना क्षेत्र में सड़वाकला शांतिपुरम कॉलोनी के समीप शनिवार सुबह मोटरसाइकिल की टक्कर से घर से टहलने निकली एक महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में करछना थाना क्षेत्र के अन्तहिया खाई गांव निवासी अंजू (50) पत्नी अखिलेश्वर की मौत हो गई। बताया गया है कि अंजू सड़वाकला शांतिपुरम कॉलोनी में कमरा लेकर अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए रहती थी। शनिवार सुबह वह घर से टहलने निकली थीं, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त का कहना है कि मोटरसाइकिल की टक्कर से एक महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।