68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति पर बवाल, शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन; कई अभ्यर्थी हिरासत में

आरक्षण संबंधी विसंगति दूर करने और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने लखनऊ में प्रदर्शन किया।

68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति पर बवाल, शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन; कई अभ्यर्थी हिरासत में

लखनऊ, 05 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग में हुई 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण विसंगति दूर करने और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न जिलों से लखनऊ पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सीटी बजाकर और नारेबाजी कर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश में ओबीसी दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर नियुक्ति दिए जाने का निर्देश है। इसके साथ ही आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात भी आदेश में कही गई है। अभ्यर्थी आयोग के आदेश को पूरी तरह लागू करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘संदीप भैया न्याय करो’, ‘है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण’ और ‘बाबू कल्याण सिंह अमर रहें’ समेत कई नारे लगाए। धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से शिक्षा मंत्री के साथ वार्ता को लेकर बातचीत हुई है। उनके मुताबिक मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की मंत्री संदीप सिंह के साथ वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

अभ्यर्थियों ने बताया कि मांगों के समर्थन में उनका अनवरत धरना एक सितंबर से ईको गार्डन में चल रहा है। सोमवार के प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान तेज धूप के बीच आजमगढ़ से आए अभ्यर्थी सच्चिदानंद शिक्षा मंत्री के आवास के गेट के सामने अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। वहां मौजूद एसएचओ विपिन सिंह ने तत्काल उन्हें भीड़ से बाहर छांव में पहुंचाया। उन्होंने अभ्यर्थी का मुंह धुलाया, जूते उतारे और पानी पिलाने के साथ बिस्किट खिलाया। हालत को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर सच्चिदानंद को पुलिस वाहन से सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिसकर्मी की इस मानवीय पहल की प्रदर्शनकारियों के बीच चर्चा रही।

प्रदर्शन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, इशिता पाल, अजय मावी, उमेश गुप्ता, तारिक, राम प्रवेश, विनोद प्रजापति, शिव शंकर गौड़, अमित पटेल, संतोष, सुनील, कुशल, जोगेंद्र और अरुण मौर्या समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।