अयोध्या में 4011 परिवारों को मिला आशियाना
अयोध्या में 4011 परिवारों को मिला आशियाना
अयोध्या, 06 मई । मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में जनपद अयोध्या ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक कुल 4011 लाभार्थियों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इस योजना के माध्यम से गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के सपने को साकार किया गया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और मजबूत इच्छाशक्ति को सराहा जा रहा है। योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को न केवल आवास उपलब्ध कराया गया, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जो परिवार कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों या किराए के मकानों में रहने को मजबूर थे, उन्हें अब स्थायी और सम्मानजनक आवास मिल गया है। इससे उनकी सामाजिक सुरक्षा बढ़ी है और वे आत्मविश्वास के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। अयोध्या जिले में इस अभियान को विशेष रूप से प्रभावी बनाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना भेदभाव के पात्र परिवारों को चिन्हित कर उन्हें आवास प्रदान किए गए। कई लाभार्थी महिलाएं भी हैं, जिन्हें मकान के स्वामित्व का अधिकार मिलने से परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत हुई है। योजना के क्रियान्वयन में प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम पंचायतों और विकास एजेंसियों की सक्रिय भूमिका रही।
स्थानीय लोगों को रोजगार के भी अवसर मिले
सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने की योगी सरकार की प्रतिबद्धता इस उपलब्धि से साफ झलकती है। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ-साथ राज्य सरकार की इस पहल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल दिया। मकान निर्माण के दौरान स्थानीय मजदूरों, ठेकेदारों और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं को रोजगार मिला, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ीं। अमानीगंज विकासखंड के एक लाभार्थी सुरेश रावत ने बताया पहले बारिश में छत टपकती थी, बच्चे बीमार रहते थे। अब पक्का मकान मिल गया है। बच्चों को पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिला है। योगी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद।
लक्ष्य है कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे
सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या में ग्रामीण आवास अभियान विकास की नई इबारत लिख रहा है। यह न केवल आवास उपलब्ध करा रहा है, बल्कि गरीबों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि का संचार कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे। इस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं और आने वाले समय में और अधिक परिवारों को लाभान्वित करने की तैयारी है।