जंगल के रास्ते वध के लिए ले जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद, एक गोतस्कर गिरफ्तार
जंगल के रास्ते वध के लिए ले जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद, एक गोतस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 18 जून । अहरौरा पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के रास्ते वध के लिए ले जाए जा रहे 18 गोवंशों को बरामद किया है। इस दौरान एक शातिर गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को थाना अहरौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर जंगल के रास्ते गोवंशों को क्रूरतापूर्वक मारपीट कर वध के लिए ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और थाना क्षेत्र के दादो जंगल में घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 गोवंशों को बरामद कर लिया। मौके से हजारी बियार पुत्र होरीलाल बियार निवासी यूसूफपुर, थाना जमालपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद गोवंशों को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। वहीं गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अहरौरा पुलिस की इस कार्रवाई को गो-तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस फरार अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं थाना अहरौरा की पुलिस टीम शामिल रही।