वाराणसी : दशाश्वमेध में देवगुरु बृहस्पति भगवान का वार्षिक हरियाली एवं हिम श्रृंगार

—मंदिर में दर्शन पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु, भजन संध्या में शहर के कलाकार लगाएंगे हाजिरी

वाराणसी : दशाश्वमेध में देवगुरु बृहस्पति भगवान का वार्षिक हरियाली एवं हिम श्रृंगार

वाराणसी, 27 अगस्त । सावन मास में उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र स्थित देवगुरु बृहस्पति भगवान के मंदिर में गुरुवार को वार्षिक हरियाली एवं हिम श्रृंगार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में देवगुरु बृहस्पति भगवान की दिव्य झांकी सजाई गई। बाबा को अर्धनारीश्वर स्वरूप में पालने पर सपरिवार विराजमान कराया गया। दर्शन-पूजन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

आयोजन के क्रम में 11 ब्राह्मणों की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवगुरु भगवान का पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद महंत अजय गिरी की देखरेख में विग्रह को स्वर्ण मुखौटा एवं छत्र धारण कराया गया। चांदी और अष्टधातु से सुसज्जित पालने पर बाबा को विराजमान कर भव्य श्रृंगार किया गया। वार्षिक उत्सव को लेकर मंदिर के मुख्य द्वार सहित पूरे परिसर को अशोक और कामिनी की पत्तियों, रंग-बिरंगे वस्त्रों तथा विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिर परिसर में सुबह चार बजे मंगला आरती हुई। इसके बाद रुद्राभिषेक और भोग-प्रसाद का आयोजन किया गया।

शाम सात बजे से मध्यरात्रि तक मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया है। ‘मां आदिशक्ति भजन मंडल’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के कलाकार भजनों की प्रस्तुति देकर देवगुरु भगवान की आराधना करेंगे।

मंदिर के महंत अजय गिरी ने बताया कि वार्षिक श्रृंगार उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन-पूजन और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। देर रात एक बजे शयन आरती महंत अजय गिरी, संतोष गिरी और अभिषेक गिरी की देखरेख में संपन्न होगी।