UP Weather Alert: प्रयागराज समेत 17 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, 61 जिलों में भी बरसेंगे बादल; बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश का जताया अनुमान, प्रयागराज में 30°C के आसपास रहेगा तापमान; 2 सितंबर से मौसम में सुधार के संकेत

UP Weather Alert: प्रयागराज समेत 17 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, 61 जिलों में भी बरसेंगे बादल; बिजली गिरने की चेतावनी

प्रयागराज, 01 सितंबर । आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम करवट ले सकता है। माैसम विभाग ने प्रयागराज समेत 17 जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के 61 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मंगलवार सुबह भारतीय मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ ने कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का तात्कालिक पूर्वानुमान मंगलवार सुबह 4:24 बजे जारी किया गया, जो सुबह 7:24 बजे तक प्रभावी रहा। पूर्वानुमान के अनुसार स्थानीय स्तर पर मौसम में अचानक बदलाव हो सकता है। सुबह में कई जिलाें में तेज बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, कानपुर नगर, आजमगढ़, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, कानपुर देहात, उन्नाव, कौशांबी, हरदोई, फतेहपुर और शाहजहांपुर में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।

61 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश

इसके अलावा उप्र के सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, अमरोहा और मुरादाबाद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।

मंगलवार को 30 डिग्री के आसपास रहेगा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 24 और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दो सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।

दो सितंबर से मौसम में सुधार के संकेत

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, वातावरण में पर्याप्त नमी और स्थानीय स्तर पर बन रहे बादलों के कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। एक सितंबर को प्रयागराज सहित कई जिलों में तेज बौछार के साथ आकाशीय बिजली की गतिविधि हो सकती है। दो सितंबर से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने और मौसम में सुधार होने की संभावना है।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और पेड़, बिजली के खंभे तथा अन्य ऊंची वस्तुओं के नीचे खड़े न हों। किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।