ताजिया उठाने के दौरान पुलिस टीम पर हमला मामले में मुकदमा दर्ज, 11 आरोपित गिरफ्तार
ताजिया उठाने के दौरान पुलिस टीम पर हमला मामले में मुकदमा दर्ज, 11 आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 27 जून । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नवाबगंज थाना क्षेत्र के आनापुर ठेगुआ में बरन ताजिया ले जाने एवं पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अबतक ग्यारह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने यह जानकारी शनिवार को देते हुए बताया कि ठेगुआ गांव निवासी मोहम्मद सलीम अपने घर से ताजिया निकाल रहा था। इस मामले को लेकर आनापुर पुलिस चौकी प्रभारी आकाश सचान एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने मोहर्रम से एक दिन पूर्व अवगत कराया था कि जुलूस ताजिया ले जाने वाले रास्ते से जाएगा। लेकिन इसके बावजूद 26 जून की रात ताजिया ले जाने के लिए स्कूल की सीढ़ी एवं दीवार तोड़ने की जिद पर अड़ा रहा।
उन्होंने बताया कि राजस्व की टीम ने सरकारी आदेश पर 25 जून को नाप कर बताया था कि सीढ़ी एवं दीवार दोनों स्कूल की भूमिधरी जमीन पर बनाया गया है, जिसे तोड़ना असंवैधानिक होगा। बावजूद सलीम एवं उनके परिवार एवं अन्य लोग जबरजस्ती करने पर उतारू हो गए तो पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो चौकी प्रभारी आनापुर आकाश सचान एवं अन्य पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया गया और इस दौरान हमले में चौकी प्रभारी घायल हो गए। वारदात के बाद घायल चौकी प्रभारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में पुलिस टीम पर हमले का मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जा रही है। अबतक ग्यारह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।