रेलवे में स्नातकों के लिए 3548 पदों पर भर्ती, 6 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

RRB NTPC Graduate Level भर्ती में मालगाड़ी प्रबंधक के 2750 पद, जानें योग्यता, शुरुआती वेतन, चयन प्रक्रिया और आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

रेलवे में स्नातकों के लिए 3548 पदों पर भर्ती, 6 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

प्रयागराज, 11 अक्टूबर । भारतीय रेलवे ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी-स्नातक स्तर) के तहत 3548 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना संख्या 06/2026 के माध्यम से होने वाली इस भर्ती से स्नातक युवाओं को रेलवे में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आठ अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी छह नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि इस भर्ती में चार श्रेणियों के पद शामिल हैं। इनमें मालगाड़ी प्रबंधक के 2750, वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट के 371, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट के 300 और मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक के 127 पद हैं। भर्ती के माध्यम से रेलवे के वाणिज्यिक, परिचालन, लेखा और प्रशासनिक कार्यों के लिए योग्य स्नातकों का चयन किया जाएगा।

पद के अनुसार निर्धारित होगा शुरुआती वेतन

भर्ती में मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक पद के लिए सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के वेतन स्तर छह के अनुसार 35,400 रुपये प्रतिमाह प्रारंभिक मूल वेतन निर्धारित है। वहीं, मालगाड़ी प्रबंधक, वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट और कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट पदों के लिए वेतन स्तर पांच के अनुसार 29,200 रुपये प्रतिमाह प्रारंभिक मूल वेतन मिलेगा। नियमानुसार अन्य भत्ते और सेवा संबंधी सुविधाएं भी देय होंगी।

आवेदन और संशोधन की महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन छह नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक किए जा सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि आठ नवंबर है। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए नौ से 18 नवंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।

अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री या उसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। एक जनवरी 2027 को आयु सीमा 18 से 33 वर्ष निर्धारित है। नियमानुसार पात्र श्रेणियों को आयु सीमा में छूट और आरक्षण का लाभ मिलेगा।

कंप्यूटर आधारित परीक्षा से होगा चयन

चयन प्रक्रिया में प्रथम और द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं शामिल हैं। इसके बाद पद और नियमानुसार दस्तावेजों का सत्यापन तथा चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा। कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट और वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट पदों के लिए अधिसूचना में कंप्यूटर आधारित टाइपिंग कौशल परीक्षा से छूट का प्रावधान दिया गया है। हालांकि, अभ्यर्थियों से बुनियादी कंप्यूटर और टाइपिंग दक्षता की अपेक्षा की जाएगी, जिसका मूल्यांकन अधिसूचना में बताए गए तरीके से कार्यभार ग्रहण करने के बाद किया जाएगा।

पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए नियमानुसार आरक्षण, आयु में छूट, लेखक की सहायता और अतिरिक्त समय संबंधी प्रावधान भी लागू होंगे। परीक्षा शुल्क वापसी और अन्य लाभों की पात्रता के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए नियमों का अध्ययन करना चाहिए।

आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी

अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना, पदवार रिक्तियों, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर प्राप्त कर सकते हैं।

आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट: https://rrb.indianrailways.gov.in

ऑनलाइन आवेदन पोर्टल: https://www.rrbapply.gov.in

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।