प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय जनसम्पर्क कार्यालय के अलावा अब क्षेत्रीय कार्यालय में भी होगी जनसुनवाई

पहले दिन महापौर ने अधिकारियों को दिए जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय जनसम्पर्क कार्यालय के अलावा अब क्षेत्रीय कार्यालय में भी होगी जनसुनवाई

वाराणसी, 22 जून । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों को गति देने के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार से एक नई पहल की है। महापौर अब प्रत्येक सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई करेंगे। इस नई व्यवस्था के पहले दिन सोमवार को महापौर ने सुबह से लेकर अपरान्ह दो बजे तक आम लोगों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

महापौर पहले से ही हर मंगलवार को जवाहर नगर गुरूधाम स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसम्पर्क कार्यालय में आम लोगों की जनसमस्याएं सुनते आ रहे हैं। अब संसदीय कार्यालय के अलावा उन्होंने रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में भी जनसुनवाई करने का निर्णय लिया है, ताकि शहर के दूसरे हिस्से के नागरिकों को अपनी समस्याओं को लेकर दूर न जाना पड़े। इस अवसर पर महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में जनता की सेवा ही सर्वोपरि है। वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम करने को कहा। महापौर ने जोर देकर कहा कि यह सीधा संवाद न सिर्फ जनता के विश्वास को सशक्त करता है, बल्कि विकास को जन-जन तक पहुंचाने के हमारे संकल्प को भी मजबूत करता है। पहले दिन की जनसुनवाई में मुख्य रूप से सफाई, पेयजल, पथ प्रकाश और सड़कों से जुड़ी शिकायतें आईं, जिन्हें दूर करने के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।