राष्ट्रीय खेल दिवस पर 16 यूपी बटालियन एनसीसी ने कराईं कई खेल प्रतियोगिताएं
-अंतर-महाविद्यालय और अंतर-विद्यालय वॉलीबॉल मैचों में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह -खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश
प्रयागराज, 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 16 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से सामाजिक सेवा एवं सामुदायिक विकास पहल के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान अंतर-महाविद्यालय और अंतर-विद्यालय प्रदर्शनी वॉलीबॉल मैच कराए गए। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
यह जानकारी शनिवार को रक्षा मंत्रालय प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने दी। उन्होंने बताया कि वॉलीबॉल प्रतियोगिता में आरडीबीएल कॉलेज, एलआरएलए इंटर कॉलेज और पतंजलि ऋषिकुल की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता देखने के लिए 100 से अधिक विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना का परिचय दिया। पतंजलि ऋषिकुल में विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिकेट, वॉलीबॉल, शतरंज और दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली टीमों को नई फुटबॉल प्रदान की गईं। खिलाड़ियों और उपस्थित विद्यार्थियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
खेलों से विकसित होती है अनुशासन और टीम भावना
16 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी और पतंजलि ऋषिकुल के प्रधानाचार्य नित्यानंद सिंह ने प्रतिभागी विद्यार्थियों और कैडेटों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, दृढ़ता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।