प्रयागराज की जनता का भरोसा टूटने नहीं देंगे : संजय गुप्ता

प्रयागराज की जनता का भरोसा टूटने नहीं देंगे : संजय गुप्ता

प्रयागराज की जनता का भरोसा टूटने नहीं देंगे : संजय गुप्ता

प्रयागराज, 25 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज शहर में भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने जार्ज टाउन और सोहबतियाबाग सहित कई इलाकों में पहुंचकर जलभराव की स्थिति देखी और अधिकारियों से समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की जनता का विश्वास हम हैं और यह भरोसा टूटने नहीं देंगे। सरकार जलभराव की समस्या को लेकर गंभीर है। अधिकारियों की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संजय गुप्ता ने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शहर में जलभराव की स्थिति को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में अब लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई होना तय है। उन्होंने अधिकारियों से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कदम उठाने और नागरिकों को राहत देने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भी जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पहुंचकर लोगों की सहायता कर रहे हैं। पूरा संगठन जनता के साथ खड़ा है और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। महानगर अध्यक्ष ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर विपक्ष भले ही तरह-तरह के प्रयास करे लेकिन भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर जनता के बीच मौजूद हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहे हैं। इस दौरान महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, पार्षद आशीष द्विवेदी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।