प्रयागराज : मिशन शक्ति अभियान के तहत ललिता देवी मंदिर में महिलाओं को किया जागरूक
फूलों से बनाई मिशन शक्ति की रंगोली, महिला सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रयागराज, 13 अक्टूबर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान 2026 के तहत जोन-02 के वार्ड नंबर 87 मीरापुर स्थित ललिता देवी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम प्रयागराज की सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) टीम ने मंदिर में दर्शन करने आई महिला श्रद्धालुओं को अभियान के उद्देश्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने का संदेश दिया।
अभियान का विशेष आकर्षण मंदिर से निकलने वाले फूलों का सदुपयोग कर बनाई गई मिशन शक्ति की आकर्षक रंगोली रही। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस पहल ने धार्मिक स्थल पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही फूलों के पुनः उपयोग का भी सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में महिला सम्मान की भावना को मजबूत करना है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।