प्रयागराज में मंत्री नन्दी ने सिर पर दउरा उठाकर किया छठ पूजन, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
नन्दी ने छठी मैया की पूजा कर मांगी सुख-शांति और समृद्धि, अरैल घाट पहुंचीं अभिलाषा गुप्ता नन्दी
प्रयागराज, 15 नवंबर । छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग समान भाव से एक साथ सूर्य उपासना करते हैं और छठी मैया की आराधना करते हैं। यह पर्व समाज में एकता, समानता, समर्पण और पारिवारिक मूल्यों की भावना को मजबूत करता है। यह बातें रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी के विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने रविवार को बलुआघाट बारादरी में छठ पूजन के दौरान कहीं।

मंत्री नन्दी ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ सिर पर पूजन का दउरा उठाकर छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मां यमुना को नमन करते हुए उन्होंने देश, प्रदेश और परिवार में अमन-चैन, खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना की। इस दौरान उन्होंने छठी मैया का जयकारा लगाया और व्रती महिलाओं सहित श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री नन्दी ने कहा कि भगवान भास्कर और छठी मैया से हम सभी देश-दुनिया, प्रदेश और परिवार में सुख, शांति एवं खुशहाली की कामना करते हैं। छठ महापर्व श्रद्धा, अनुशासन और समर्पण का संदेश देने के साथ ही सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। इस पर्व में सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर पूजा-अर्चना करते हैं, जो हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सद्भाव का परिचायक है।
वहीं, प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने अरैल घाट पहुंचकर छठ महापर्व पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लोक कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष परमानन्द वर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।