प्रयागराज के 15 मंडलों में नुक्कड़ नाटक से जनता तक पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां
भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 अक्टूबर तक होंगे नाट्य मंचन; प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर 15 टीमें करेंगी प्रस्तुतियां।
प्रयागराज, 18 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के दौरान प्रत्येक मंडल के तीन से पांच प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर नाट्य मंचन किया जाएगा। यह अभियान 28 अक्टूबर तक चलेगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में सभी 15 मंडलों के मंडल अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में अभियान को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं और मंडल स्तर पर प्रमुख स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। नाट्य मंचन के लिए 15 टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सोमवार को बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना प्राथमिकता है। मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को चिन्हित करें, जहां नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। नाट्य मंचन के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सरल एवं प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
बैठक में डॉ. शैलेश पांडेय, अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, भोला सिंह, अपूर्वा चंद्रा, अवनीश तिवारी, अनिल मौर्य, श्रवण पाल, गया प्रसाद, सुमित वैश्य, रजत दुबे, मनोज श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव और विवेक मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।