संकल्प का कोई विकल्प नहीं, छात्राएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें : डॉ. बबिता सिंह चौहान
संकल्प का कोई विकल्प नहीं, छात्राएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें : डॉ. बबिता सिंह चौहान
प्रयागराज, 13 अक्टूबर । “संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता। छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ते हुए हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए।” यह बातें मंगलवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-6 के शुभारंभ अवसर पर कहीं।
उन्होंने छात्राओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और किसी भी परिस्थिति में अपने आत्मविश्वास को कमजोर न होने देने का आह्वान किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
आर्य कन्या डिग्री कॉलेज एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने की। उन्होंने महर्षि दयानंद की विरासत और उनके विचारों से परिचित कराते हुए महिला आयोग की पृष्ठभूमि एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि डॉ. बबिता सिंह चौहान ने महर्षि दयानंद को नमन करते हुए छात्राओं से सकारात्मक संबंध स्थापित करने और जीवन में दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपनी जीवनयात्रा का उल्लेख करते हुए छात्राओं को चुनौतियों का सामना करने और सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
डॉ. चौहान ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों का उदाहरण देते हुए कहा कि इनके माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के उप निरीक्षक निर्मल शर्मा ने मिशन शक्ति के छठे चरण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में बिना किसी डर या दबाव के हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर सूचना दी जा सकती है। संबंधित विभागों की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उप निरीक्षक अनीता चौहान ने उत्तर प्रदेश के 1647 महिला सुरक्षा केंद्रों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को छात्राओं का सहयोगी बताते हुए उन्हें किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न को सहन न करने और उसके विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
निर्भीक होकर आगे बढ़ें छात्राएं
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अर्चना पाठक ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छात्राओं को निर्भीक बनने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। एनएसएस इकाइयों की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भारती, डॉ. दामिनी, डॉ. सुधा और डॉ. शिवानी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों और छात्राओं ने ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’ गीत गाया। इससे पूरा वातावरण देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में शीतला प्रसाद श्रीवास्तव, सदस्य, लायंस क्लब मंडल गवर्नमेंट प्रोग्राम, नशा मुक्त भारत अभियान, प्रयागराज; प्रोबेशन अधिकारी विवेक कुमार द्विवेदी; महाविद्यालय की सलाहकार डॉ. ममता गुप्ता; उप-प्राचार्या प्रो. इभा सिरोठिया; डॉ. मुदिता, डॉ. सव्यसांची, डॉ. निशा, डॉ. चित्रा चौरसिया, डॉ. श्यामकांत, डॉ. अमित और डॉ. हेमलता, डॉ. शिखा सहित महाविद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं, स्वयंसेविकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।