नवरात्र मेले में विंध्याचल स्टेशन पर बढ़ाई गईं सुविधाएं, 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ तैनात

नवरात्र मेले में विंध्याचल स्टेशन पर बढ़ाई गईं सुविधाएं, 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ तैनात

नवरात्र मेले में विंध्याचल स्टेशन पर बढ़ाई गईं सुविधाएं, 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ तैनात

मीरजापुर, 13 अक्टूबर  शारदीय नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विंध्याचल स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ टिकट, खानपान, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि मेले के दौरान यात्रियों को सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर और एक पूछताछ केंद्र संचालित हैं। आरक्षित टिकट काउंटर दो शिफ्ट में काम कर रहा है। टिकट संबंधी कार्यों के लिए आठ अतिरिक्त कर्मचारी और यात्रियों की सहायता व टिकट जांच के लिए 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ तैनात किए गए हैं। स्टेशन पर पांच खानपान स्टॉल, पर्याप्त पेयजल प्वाइंट, 15 पुरुष और 15 महिला शौचालय तथा अस्थायी यात्री शेड की व्यवस्था है।

यात्रियों की सहायता के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में खोया-पाया केंद्र बनाया गया है। स्टेशन परिसर, बस स्टैंड और मंदिर के आसपास ट्रेनों की समय-सारिणी व जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित किया गया है। सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों के साथ अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारी तैनात किए गए हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और यात्रा को सुगम बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।

प्राथमिक चिकित्सा शिविर में श्रद्धालुओं को मिली राहत

जनसंपर्क प्रबंधक, प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे अमित कुमार सिंह ने बताया कि विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे की सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की ओर से निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाया गया है। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं। स्टेशन पर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।