मऊ : सात साल की समरा ने जिलाधिकारी से स्कूल मार्ग बनवाने की लगाई गुहार
बच्ची ने कहा -“स्कूल जाते समय गिर जाने से लगती है चोट, ड्रेस भी हो जाती है गंदी”
मऊ, 31 अगस्त। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में वार्ड संख्या 17 में सड़क की बदहाली से परेशान सात वर्षीय छात्रा समरा नाज़ समस्या लेकर जिलाधिकारी के दरबार पहुंच गई। पहली कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची ने जिलाधिकारी से खराब सड़क की मरम्मत कराने की गुहार लगाई। मासूम बच्ची की फरियाद ने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
समरा नाज़ ने बताया कि वह डोंबासो स्कूल में कक्षा एक की छात्रा है और स्कूल जाते समय रास्ता बेहद खराब होने के कारण उसे आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। खराब सड़क के चलते कई बार उसे चोट भी लग जाती है। वहीं, रास्ते की स्थिति के कारण उसकी स्कूल ड्रेस भी गंदी हो जाती है, जिसके चलते उसे स्कूल में डांट सुननी पड़ती है।
जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बच्ची से बातचीत के दौरान पूछा कि वह स्कूल किस साधन से जाती है। इस पर समरा नाज़ ने बताया कि वह ऑटो से स्कूल जाती है, लेकिन सड़क खराब होने के कारण रास्ते में काफी परेशानी होती है। बच्ची ने डीएम से जल्द से जल्द सड़क ठीक कराने की अपील की।
बच्ची की बात काे जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने समरा नाज़ से उसकी समस्या के बारे में जानकारी ली और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने मीडिया को बताया कि साेमवार सुबह वार्ड संख्या 17 की रहने वाली एक सात वर्षीय बच्ची समरा नाज़, जो कक्षा एक में पढ़ती है, सड़क निर्माण को लेकर फरियाद लेकर उनके पास आई थी। उसने बताया कि स्कूल जाने वाले रास्ते में करीब 25 मीटर का कच्चा एवं खराब मार्ग है, जिसे मरम्मत की आवश्यकता है। उन्हाेंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क की स्थिति को तुरंत चेक कराया जाएगा। जांच के बाद जो भी आवश्यक समाधान होगा, उसे शीघ्रता से कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र नगर पालिका के अंतर्गत आता है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मासूम गुहार से जगी सड़क निर्माण की उम्मीद
सात वर्षीय बच्ची की छोटी-सी फरियाद ने यह दिखा दिया कि बुनियादी सुविधाओं की जरूरत हर उम्र के व्यक्ति को होती है। छात्रा समरा नाज़ की फरियाद के बाद प्रशासन ने सड़क की स्थिति की जांच और त्वरित समाधान का भरोसा दिया है। अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ बच्ची और उसके परिवार को भी सड़क के जल्द दुरुस्त होने की उम्मीद है।
-------------