यूपी में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगी: केशव प्रसाद मौर्य, बोले- जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत से मिलेगी जीत
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की वापसी का दावा किया और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
लखनऊ, 24 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता के आशीर्वाद, सरकार के काम और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से तीसरी बार भी उत्तर प्रदेश में भाजपा ऐतिहासिक विजय के साथ सरकार बनाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने गुरूवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि देश के अधिकांश राज्यों में सत्ता से बेदख़ल कांग्रेस समेत बाकी विपक्षी दलों की स्थिति ‘नाच न जाने, आंगन टेढ़ा’ वाली है। हर एक चुनाव के पहले हार के डर से ये एक ऐसी स्क्रिप्ट गढ़ने लगते हैं, ताकि चुनावी नतीजों के बाद फेस सेविंग की जा सके। हार से 'लाज' बचाई जा सके।
पहले यह बुरी आदत केवल कांग्रेस और ख़ासकर उसके चंचल स्वभाव के नेता राहुल गांधी को थी, अब उनकी देखा-देखी यह बीमारी उन पार्टियों को भी लग गई है, जो जमीन पर लड़ने का दमख़म रखती थीं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर चुनाव आयोग की कमान राहुल और उनके गठबंधन के साथियों, मसलन सपा बहादुर अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता दीदी को भी दे दी जाए, तो भी जनता का भरोसा भाजपा और उसके नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में ही रहने वाला है। भाजपा की चुनावी विजय डबल इंजन सरकार के काम, जनता के विश्वास और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन का परिणाम है। जहां चुनाव, वहां कमल खिलाने के संकल्प के साथ भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात जनता के बीच मेहनत कर रहा है।