नोएडा बस अग्निकांड के बाद उठे सवाल: अलग-अलग राज्यों में बस का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र

यमुना एक्सप्रेस-वे हादसे की जांच में पुलिस के अनुसार बस का पंजीकरण बिहार, फिटनेस प्रमाणपत्र राजस्थान और प्रदूषण प्रमाणपत्र हरियाणा से जारी हुआ था।

नोएडा बस अग्निकांड के बाद उठे सवाल: अलग-अलग राज्यों में बस का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र

नोएडा, 24 सितंबर। थाना जेवर क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि को डबल डेकर बस में लगी आग और इस घटना में नौ लोगों की हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान नोएडा पुलिस को पता चला है कि यह बस कश्मीरी गेट से चली थी। तथा उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा जा रही थी।

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि बस मध्य प्रदेश से संचालित होने वाली राजकल्पना ट्रेवल्स की है। यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा के लिए जा रही थी। इस बस का पंजीकरण बिहार प्रांत में हुआ है। उन्होंने बताया कि बस का फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान से, जब की प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बस का नोएडा में कोई स्टॉपेज नहीं था। उन्होंने बताया कि आग बस में लगे एयर कंडीशन में हुए स्पार्क के चलते लगी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस के अधिकारी रात से सुबह तक घटनास्थल पर मौजूद रहे, तथा गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बस से निकालकर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। लेकिन उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि नोएडा पुलिस दिल्ली पुलिस को इस आशय का पत्र लिख रही है कि कश्मीरी गेट से अवैध रूप से इतनी बसें कैसे संचालित हो रही हैं। मालूम होगी से पूर्व मे भी 4 अगस्त को कश्मीरी गेट से चलने वाली एक डबल डेकर बस में एक किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ था। यह बस नोएडा में रिपेयरिंग के लिए आई थी, तथा परी चौक से युवती सवारी के रूप में उसमें बैठ गई थी। इस मामले में कश्मीरी गेट पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। तब भी डबल डेकर बसें चर्चा में आई थी। इसके बाद नोएडा पुलिस ने भी बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की और दर्जनों बसों को सीज किया। इस घटना ने यह जाहिर कर दिया है कि बस माफिया सफेद पोश लोगों से सांठ- गांठ कर इस अवैध कारोबार को चला रहे हैं।

यात्रियाें ने बताया है कि दिल्ली के कश्मीरी गेट से रोजाना सैकड़ों की संख्या में अवैध रूप से डबल डेकर बसें संचालित हो रही हैं। मालूम हो कि बुधवार-गुरुवार की मध्य रात को यमुना एक्सप्रेस वे पर बस में लगी आग के चलते नौ लोगों की मौत हो गई थी। बस में 35 लोग सवार थे। पुलिस ने 26 लोगों को बाहर निकाल कर उनकी जान बचाई। नौ लोगों की दुखद मौत हो गई। इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद करने की घोषणा की है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है।