छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था: सांसद रमेश अवस्थी
लघु उद्योग भारती के उद्यमी सम्मेलन में एमएसएमई, आत्मनिर्भर भारत, सौर ऊर्जा और कारोबार के नए अवसरों पर हुई चर्चा; 300 से अधिक उद्यमियों ने लिया भाग
कानपुर, 11 अक्टूबर। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। केंद्र सरकार की एमएसएमई हितैषी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल से उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं। छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार और कारोबार की संभावनाओं को विस्तार दिया जा सकता है। यह बातें कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने रविवार को एक निजी होटल में आयोजित लघु उद्योग भारती, कानपुर संभाग की वार्षिक सभा एवं उद्यमी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
सम्मेलन में कानपुर संभाग के 300 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेठ मुरारी लाल अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए उद्यमियों के बीच आपसी सहयोग, नई तकनीक को अपनाने और बदलते बाजार की जरूरतों के अनुरूप काम करने की आवश्यकता है। ऐसे सम्मेलन उद्यमियों को अपनी समस्याएं साझा करने, नए व्यावसायिक अवसरों पर विचार करने और उद्योगों के विकास की दिशा तय करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्य अतिथि रमेश अवस्थी ने केंद्र सरकार की एमएसएमई हितैषी योजनाओं के साथ आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की पहल पर विस्तार से प्रकाश डाला। सम्मेलन में उद्यमियों की समस्याओं, एमएसएमई क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने, सौर ऊर्जा के उपयोग और व्यापार के नए अवसरों पर चर्चा की गई। उद्योगों के विकास और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर उद्यमियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के संभाग अध्यक्ष संदीप अवस्थी, महामंत्री अंकुर अंशवानी, लाडली प्रसाद गुप्ता, हरेंद्र मूरजानी, अमन घई, संदीप अरोड़ा, अनुराग मालवीय, सलिल गुप्ता, सुबोध प्रहलादका, महिला इकाई की अध्यक्ष प्रेरणा वर्मा, सचिव डॉ. सुभाषिनी शिवहरे खन्ना, संजय गुप्ता, हिमांशु सिंह, अजय गुप्ता, सुशील मोहन टाकरी, श्रवण कुमार अग्रवाल, अनुज गुप्ता, राधा कृष्ण गुप्ता और पुनीत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। अंत में महामंत्री अंकुर अंशवानी ने अतिथियों, प्रायोजकों, पदाधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।-