बीबीएयू ने युक्ति एडुटेनमेंट से किया एमओयू, एआई नवाचार एवं कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
बीबीएयू ने युक्ति एडुटेनमेंट से किया एमओयू, एआई नवाचार एवं कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ, 27 अगस्त। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) लखनऊ ने अपने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (CoE-AI) के माध्यम से युक्ति एडुटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं इससे संबंधित तकनीकी पहलों के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर गुरुवार को हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एआई की समन्वयक डॉ. बबिता पाण्डेय तथा युक्ति एडुटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अखिलेश कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।
यह सहयोग शैक्षणिक संस्थान एवं उद्योग के बीच साझेदारी को मजबूत करने तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास एवं व्यावहारिक अनुप्रयोगों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस साझेदारी के माध्यम से एआई आधारित नवाचार एवं तकनीकी उन्नति के लिए एक सशक्त और बेहतर एआई इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर कंप्यूटर साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. दीपा राज, स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी की संकायाध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. राम चंद्र, प्रो. ओ. पी. शुक्ला, प्रो. शिशिर कुमार, प्रो. रवि कुमार एवं प्रो. सुभाष कुमार मिश्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।