औरैया : मिशन शक्ति 6.0 के तहत 60 मेधावी छात्राएं सम्मानित

एसपी अभिषेक भारती ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया बालिकाओं का उत्साह, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

औरैया : मिशन शक्ति 6.0 के तहत 60 मेधावी छात्राएं सम्मानित

औरैया, 12 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें एसपी अभिषेक भारती ने विभिन्न विद्यालयों और संस्थाओं की 60 मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। छात्राओं को मेहनत, आत्मविश्वास और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह में नगर पालिका इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज ककोर, गोपाल इंटर कॉलेज, स्वामी प्रेम शिवानन्द इंटर कॉलेज दिबियापुर, भारती बालिका इंटर कॉलेज, शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, वैदिक एंड टेक्नीक इंटर कॉलेज, सेंट साईं नाथ इंटर कॉलेज, ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल दिबियापुर, श्री राधा कृष्ण स्कूल फफूंद, ज्ञान स्थली एकेडमी और अपेक्षा बाल विकास समिति की छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा, खेलकूद, संगीत, शत-प्रतिशत उपस्थिति और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाएं शामिल रहीं।

एसपी अभिषेक भारती ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस हेल्पलाइन की मदद लेने की अपील की। इस दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सीओ बिधूना, प्रतिसार निरीक्षक, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।