योगी सरकार का उच्च शिक्षा विस्तार की दिशा में एक और कदम

योगी सरकार का उच्च शिक्षा विस्तार की दिशा में एक और कदम

योगी सरकार का उच्च शिक्षा विस्तार की दिशा में एक और कदम

लखनऊ, 04 मई । प्रदेश की योगी सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर विस्तार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के अंतर्गत अमरदीप मेमोरियल ट्रस्ट, फिरोजाबाद को अमरदीप विश्वविद्यालय, फिरोजाबाद की स्थापना हेतु आशय पत्र निर्गत किया गया है।

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंत्रिपरिषद के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि योगी सरकार का लक्ष्य उच्च शिक्षा को अंतिम पायदान तक सरल, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक जिले में उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार हो, जिससे विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 एवं उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना) नियमावली, 2021 के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन उच्च स्तरीय समिति द्वारा किया जाता है, जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा की जाती है। समिति की संस्तुति के आधार पर ही आशय पत्र निर्गत किया जाता है।

उच्च स्तरीय समिति की बैठक 29 जुलाई 2025 को सम्पन्न हुई थी, जिसमें फिरोजाबाद जनपद के ग्राम पचवान स्थित 20.08 एकड़ भूमि पर अमरदीप विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु प्रस्ताव को अनुमोदित करते हुए आशय पत्र निर्गत करने की संस्तुति की गई।

उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय स्थापना की प्रक्रिया के तहत संबंधित संस्था के पास न्यूनतम 20 एकड़ भूमि का प्रावधान अनिवार्य है, जिसे अमरदीप मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा पूर्ण किया गया है। समिति की संस्तुति के उपरांत सरकार द्वारा आशय पत्र जारी किया गया है, जिससे विश्वविद्यालय स्थापना की औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ हो सकेगी।

इसके साथ ही सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने मंत्री आवास पर नोएडा में एक अन्य प्रतिष्ठित समूह द्वारा प्रस्तावित मेट्रो विश्वविद्यालय को संचालन हेतु आवश्यक अनुमति पत्र (LOP) प्रदान किया है, जिससे राज्य में उच्च शिक्षा के निजी क्षेत्र में विस्तार को और गति मिली है।