वाराणसी: नगर निगम ने 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक किया जब्त
वाराणसी: नगर निगम ने 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक किया जब्त
वाराणसी, 09 मार्च । उत्तर प्रदेश का वाराणसी नगर निगम प्रशासन स्वच्छ काशी, सुंदर काशी व प्लास्टिक मुक्त काशी बनाने की मुहिम में जुट गया है। इस अभियान में सोमवार को नगर निगम की टीम को बड़ी सफलता मिली।
फुलवरिया (लहरतारा) स्थित गेट नंबर पांच के पास एक ट्रक से करीब 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया गया । अपर नगर आयुक्त संगम लाल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने माल को कब्जे में लेकर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद ट्रक का चालान कर दिया गया। यह ट्रक दोपहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक की खेप लेकर फुलवरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर पहुंचा था। वहां सामान उतारने और किराये के भुगतान को लेकर ट्रक ड्राइवर और ट्रांसपोर्टर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि इसकी भनक नगर निगम प्रशासन को लग गई। सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर धमक पड़ी।
अपर नगर आयुक्त संगम लाल की मौजूदगी में जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक लदा मिला। निगम अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना लहरतारा पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसका चालान कर दिया है। फिलहाल पुलिस ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्लास्टिक की यह खेप कहां से आई थी और इसे शहर में कहां खपाया जाना था।