वाराणसी पुलिस ने मुठभेड़ में शातिर दाे जहरखुरानों को दबोचा, ऑटो व असलहा बरामद
महिला और उसके परिजनों को ऑटो में नशीला पदार्थ सुंघा कर जेवरात लूट लिया था
वाराणसी,09 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी सिगरा पुलिस टीम ने लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मुठभेड़ में दो शातिर जहरखुरानों आसिफ और जीशान को दबोच लिया। मुठभेड़ में आसिफ घायल हो गया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने आटो,असलहा व सोने के जेवरात भी बरामद कर लिया। पूछताछ में घायल आसिफ ने बताया कि वह ऑटो चलाता था और जीशान साथ में बैठकर महिलाओं के साथ लूटपाट किया करता था।
रविवार को सिगरा थाने में गिरफ्तार जहरखुरानों को मीडिया के सामने पेश किया गया। एसीपी चेतगंज डॉ ईशान सोनी ने बताया कि 21 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज में आरक्षी पद पर तैनात जवान की पत्नी अपने बच्चों और भाई के साथ जौनपुर चंदवक स्थित मायके जाने के लिए निकली। सभी ट्रेन से बनारस रेलवे स्टेशन पर आये और यहां से एक आटो में सवार होकर कैंट के लिए निकले। रास्ते में ऑटो में सवार लोगों ने उसे और उसके भाई को कुछ सुंघा दिया। जिससे दोनों कुछ देर के लिए चेतनाहीन हो गए। इसके बाद ऑटो में सवार और चालक ने उसे और भाई को कुछ दूर आगे ले जाकर उतार दिया। इसके बाद बैग में रखा सामान, जेवरात, रूपये आदि लेकर फरार हो गए। महिला ने घटना की जानकारी किसी तरह अपने पति और सिगरा पुलिस को दी। आरक्षी ने घटना की जानकारी सिगरा थाना प्रभारी को दी। इसके बाद सिगरा पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई।
शनिवार देर रात बदमाशों के आने की सूचना पर सिगरा थाने और रोडवेज चौकी की पुलिस की टीम ने लहरतारा पुल के नीचे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध ऑटो को आते देख पुलिस टीम ने चालक को रूकने का संकेत दिया तो वाहन से उतर दो युवक पुलिस की घेरेबंदी तोड़कर भागने लगे। यह देख पुलिस टीम ने पीछा किया तो एक बदमाश ने पुलिस कर्मियों पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में आसिफ को पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। यह देख दूसरे बदमाश जीशान ने भागने की कोशिश की, इस पर पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर उसे भी पकड़ लिया। मुठभेड़ की जानकारी पर एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी समेत फॉरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पकड़े गए बदमाशों की पहचान जनपद बिजनौर निवासी आसिफ और जीशान के रूप में हुई। बदमाशों ने पूछताछ में घटना में संलिप्तता स्वीकार की।