विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : केशव प्रसाद मौर्य
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : केशव प्रसाद मौर्य
कानपुर, 17 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहने वाली है। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण द्वारा आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” को संबोधित करते हुए कहीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने भाजपा सरकार न चुनी होती तो करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खुलते और योजनाओं का लाभ भी पारदर्शी तरीके से नहीं मिल पाता। उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सरकारी धनराशि बिना बिचौलियों के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना और उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को पक्के मकान, निःशुल्क राशन, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है।
विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, मेट्रो परियोजनाओं और कानपुर रिंग रोड जैसी योजनाओं को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के निर्णय को उन्होंने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली है।
उप मुख्यमंत्री ने भाजपा के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण और सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से बूथ स्तर पर शुरू करने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा को 2017 से भी बड़ी जीत दिलाने के लिए संगठन को और मजबूत करना होगा।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित किए हैं तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, सिलाई मशीनें और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने की जबकि संचालन गणेश शुक्ला ने किया।
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उद्योगपति मिथिलेश गुप्ता के आवास पहुंचकर उनके परिजनों तथा अन्य समाजसेवियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक महेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, ओमान क्रिकेट टीम के उप कप्तान विनायक शुक्ला, शहीद शुभम द्विवेदी की पत्नी ईश्न्या द्विवेदी, जिला महामंत्री जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, भरत छट्टानी, सुरेश मोदी, वंदना गुप्ता, एल.बी. सिंह पटेल, विक्की मूरजानी, रोली तिवारी, अभिषेक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।