अज्ञात ट्रक चालक ने व्यक्ति की मारी टक्कर, मौत
अज्ञात ट्रक चालक ने व्यक्ति की मारी टक्कर, मौत
, 30 मई । मटेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने घर जा रहे पैदल व्यक्ति को ज़ोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना करने वाला चालक ट्रक सहित फरार हो गया है।
सड़क दुर्घटना में हुई मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क बाधित कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मटेरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। ग्रामीणों को समझाया गया तब जाकर जाम हट सका। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
नानपारा-बहराइच राजमार्ग पर ग्राम पंचायत प्रहलादा के रहने वाले वासुदेव शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे बाजार से सामान लेकर लौट रहे थे। इस दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। ग्रामीण जब तक पहुँचते, चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने नानपारा-बहराइच राजमार्ग बाधित कर नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क बाधित होने से दोनों ओर लम्बा जाम लग गया।
घटना की सूचना पर मटेरा थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह मौके पर पहुँचे। उन्होंने उग्र ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने ग्रामीणों को फरार ट्रक चालक की तलाश कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। करीब एक घण्टे बाद ग्रामीणों का गुस्सा शान्त हुआ तब जाकर जाम खुलवाया जा सका।
थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर फरार वाहन चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है।