लखनऊ में यूपी की पहली सौर ऊर्जा संचालित आधुनिक ‘प्रेरणा कैंटीन’ का उद्घाटन

लखनऊ में यूपी की पहली सौर ऊर्जा संचालित आधुनिक ‘प्रेरणा कैंटीन’ का उद्घाटन

लखनऊ में यूपी की पहली सौर ऊर्जा संचालित आधुनिक ‘प्रेरणा कैंटीन’ का उद्घाटन

लखनऊ, 20 मार्च। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ से संचालित लखनऊ के विकास भवन परिसर में शुक्रवार को आधुनिक एवं सौर ऊर्जा संचालित ‘प्रेरणा कैंटीन’ का भव्य उद्घाटन किया गया। यह उत्तर प्रदेश की पहली सौर ऊर्जा संचालित आधुनिक ‘प्रेरणा कैंटीन’ है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय जैन, पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस से चैनल मैनेजर सुधांशु राय एवं सीएसएम वज्रिका नाथ,अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैंटीन का शुभारंभ किया।

इस ‘प्रेरणा कैंटीन’ का जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण अनुरागिनी संस्था की ओर से पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर) पहल ‘शी-सर्व्स परियोजना के अंतर्गत किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से कैंटीन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ सौर ऊर्जा से भी जोड़ा गया है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल और सतत विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है।

सीडीओ ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाती हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान को भी मजबूत करती हैं। सौर ऊर्जा का उपयोग इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सराहनीय कदम बनाता है।

पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के चैनल मैनेजर सुधांशु राय एवं सीएसएम वज्रिका नाथ ने कहा कि शी-सर्व्स परियोजना का उद्देश्य महिलाओं के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कैंटीन मॉडल सिद्ध होगी।

अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि यह केवल एक कैंटीन का नवीनीकरण नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है। अनुरागिनी संस्था पिछले लगभग 30 वर्षों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और यह परियोजना उसी यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने आगे कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल रोजगार प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को इतना सशक्त बनाना है कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने निर्णय स्वयं ले सकें और समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभा सकें।

डॉ. जादौन ने यह भी बताया कि इस कैंटीन का संचालन ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित आय का स्थायी स्रोत मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

इस अवसर पर ‘प्रगति महिला स्वयं सहायता समूह’ की सचिव रेखा सोनी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक सपना था, जो आज अनुरागिनी संस्था और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के सहयोग से साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि इस कैंटीन से उन्हें न केवल नई पहचान मिली है, बल्कि उनकी आय में भी वृद्धि होगी। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार नवीनीकृत कैंटीन को देखा, तो वह उसे पहचान ही नहीं पाईं कि यह वही पुरानी कैंटीन है। उनके अनुसार, समूह की सभी महिलाएं इस बदलाव से बेहद खुश और उत्साहित हैं।

कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी चिनहट, पूजा शुक्ला एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।