यक्ष ऐप की मदद से एटीएम फ्रॉड गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

यक्ष ऐप की मदद से एटीएम फ्रॉड गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

यक्ष ऐप की मदद से एटीएम फ्रॉड गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

प्रयागराज, 20 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के गंगानगर जोन में स्थित फूलपुर पुलिस टीम ने ‘यक्ष ऐप’ की सहायता से एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से 3500 रुपये नकद, सात एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि थाना फूलपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0-85/2026 धारा 303(2)/318(4) भा.न्या.सं. से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त हरिशंकर उर्फ मंगल चौहान और विजय शंकर चौहान निवासी ग्राम गणेशीपुर थाना हण्डिया को शुक्रवार को परासिनपुर रोड स्थित नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि अभियुक्तों ने 15 मार्च को परासिनपुर स्थित एटीएम पर एक व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया था और उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए थे। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी जानकारी ‘यक्ष ऐप’ पर अपलोड की गई, जिसके माध्यम से अभियुक्तों का पता चला और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मामले में धारा 317(2) भा.न्या.सं. की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चन्द्र मौर्य, उपनिरीक्षक विक्रांत कुमार तिवारी, कांस्टेबल श्रीश कुमार मिश्रा, कांस्टेबल विनोद कुमार एवं कांस्टेबल अर्जुन सिंह शामिल रहे।