ऑटो में सवारी बैठाकर चोरी करने वाले गैंग के तीन अपराधी गिरफ्तार, लूटा माल भी बरामद

ऑटो में सवारी बैठाकर चोरी करने वाले गैंग के तीन अपराधी गिरफ्तार, लूटा माल भी बरामद

ऑटो में सवारी बैठाकर चोरी करने वाले गैंग के तीन अपराधी गिरफ्तार, लूटा माल भी बरामद

कानपुर, 05 मई । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में ऑटो में सवारी बैठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर गैंग का नौबस्ता पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते तीन अपराधियाें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल, घटना में प्रयुक्त ऑटो तथा चोरी के पैसों से खरीदी गई स्कूटी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बीते 28 अप्रैल को पीड़िता अंजू द्विवेदी नौबस्ता चौराहे से कोयला नगर जाने के लिए एक ऑटो में बैठी थीं, जिसमें पहले से दो व्यक्ति बैठे हुए थे। रास्ते में आरोपितों ने बैग की चैन तोड़कर पच्चीस हजार रुपये नकद, एक जोड़ी झुमकी और दो अंगूठी चोरी कर ली और यशोदा नगर बाईपास के पास सूटकेस फेंककर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर नौबस्ता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपितों की पहचान की। जांच में सामने आया कि ऑटो चालक की मिलीभगत से यह गैंग खासकर महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने ऑटो चालक समेत गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में बर्रा निवासी गौरव मेहता उर्फ रोमी, अनूप मिश्रा और विजय शुक्ला शामिल हैं। सभी आरोपित संगठित तरीके से इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से झुमकी, अंगूठी, बीस हजार पांच सौ साठ रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो तथा चोरी के पैसों से खरीदी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। बरामदगी का कुल मूल्य करीब पांच लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।