प्रधानाध्यापक-प्रबंध समिति के तालमेल से सुधरेगा शिक्षा का स्तर
प्रधानाध्यापक-प्रबंध समिति के तालमेल से सुधरेगा शिक्षा का स्तर
मीरजापुर, 10 मार्च । ब्लॉक संसाधन केंद्र विजयपुर में मंगलवार को विद्यालय प्रबंध समिति की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 178 प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय प्रबंध समितियों के अध्यक्षों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय संचालन, पारदर्शिता और शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान यूपीएस विजयपुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन अमरेश कुमार शुक्ला ने किया।
कार्यशाला में एआरपी चंद्रभानु, विवेक पांडेय और मंजुला देवी ने विद्यालय प्रबंध समितियों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक और प्रबंध समिति के बीच बेहतर समन्वय होने पर ही विद्यालयों के विकास और बच्चों की शिक्षा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक और प्रबंध समिति के बीच बेहतर तालमेल से विद्यालयों में अनुशासन, संसाधनों का सही उपयोग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम में प्रेम शंकर मिश्र, विजय बहादुर यादव, पीयूष मिश्र, मनीष पांडेय, रामश्रृंगार यादव, रमापति बिंद, सभाजीत सिंह सहित अन्य शिक्षक व समिति सदस्य उपस्थित रहे।