प्रधानमंत्री मंगलवार को बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे
प्रधानमंत्री मंगलवार को बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे
नई दिल्ली, 27 अप्रैल । रेल मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दो नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बनारस-हडपसर (पुणे) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेल मंत्रालय के अनुसार ये दोनों ट्रेनें खासतौर पर कम और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू की गई हैं, जिनमें जनरल और स्लीपर कोच के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ट्रेनों में बेहतर सीटिंग, सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी सिस्टम, अग्निशमन तकनीक, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और दिव्यांगजन के लिए अनुकूल सुविधाएं दी गई हैं।
बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 30 घंटे में यात्रा पूरी करेगी और प्रयागराज, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल, जलगांव और मनमाड जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन धार्मिक नगरी काशी को पुणे जैसे प्रमुख आईटी और औद्योगिक शहर से सीधे जोड़ेगी, जिससे यात्रियों, छात्रों और कामगारों को बड़ा लाभ मिलेगा।
वहीं अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 28 घंटे में सफर पूरा करेगी। यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, नासिक और ठाणे होते हुए मुंबई पहुंचेगी। इससे अयोध्या और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और प्रवासी कामगारों को सस्ती और सीधी रेल सेवा मिलेगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार इन ट्रेनों के शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही रोजगार के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। इससे व्यापार, कृषि और छोटे उद्योगों को भी नए बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इन नई सेवाओं के साथ देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 64 हो जाएगी।