चार अप्रैल को दिल्ली कूच करेंगे शिक्षक,टेट की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग

चार अप्रैल को दिल्ली कूच करेंगे शिक्षक,टेट की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग

। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य किए जाने के विरोध में शिक्षक संगठन लामबंद होने लगे है। टेट की अनिवार्यता को समाप्त करने के लिए मुखर शिक्षक संगठन दिल्ली के रामलीला मैदान में चार अप्रैल को महारैली कर एकजुटता दिखायेंगे। गुरूवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ वाराणसी से जुड़े शिक्षक नेता सनत कुमार सिंह ने बताया कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दिनेश चन्द्र शर्मा ने लाखों शिक्षकों के हित में भारत सरकार से माँग रखी है कि आरटीई से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता को समाप्त करने के लिए क़ानून बनाया जाये। इस सम्बन्ध में डाॅ दिनेश चन्द्र शर्मा की अगुवाई में टीएफआई के प्रतिनिधि मंडल ने 19 दिसम्बर को केंद्रीय शिक्षा मंत्री से वार्ता करके ज्ञापन सौंपा था । उम्मीद जगी थी कि बज़ट सत्र में सरकार इस विषय पर विधेयक लाएगी,परन्तु अभी तक ऐसा नहीं हुआ जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। प्रदेश के सभी जनपदों में संघ द्वारा दो-दो बार जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इसके अलावा सांसदों को भी ज्ञापन सौंपा गया। कई सांसदों ने संसद में विषय को उठाया। लेकिन शिक्षा मंत्रालय देश के 20 लाख शिक्षक व उनके परिवार के प्रति संवेदनशील नहीं है। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दिनेश चन्द्र शर्मा ने शिक्षकों से आह्वान किया है कि 04 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर अपने हक की लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।