साइबर ठगी की शिकार महिला को राहत, पुलिस ने वापस कराए 85 हजार रुपये

साइबर ठगी की शिकार महिला को राहत, पुलिस ने वापस कराए 85 हजार रुपये

साइबर ठगी की शिकार महिला को राहत, पुलिस ने वापस कराए 85 हजार रुपये

मीरजापुर, 12 मार्च  ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई एक महिला को साइबर सेल की सक्रियता से बड़ी राहत मिली है। शहर कोतवाली पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी गई रकम में से 85,274 रुपये वापस महिला के खाते में पहुंचा दिए। पैसा लौटने पर पीड़िता ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मीरसाहब की गली कदमतर मोहल्ला निवासी रीना सिंह ने 10 और 16 अगस्त 2025 को ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जूपी एप के माध्यम से साइबर ठगों ने उनके खाते से कुल दो लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। ठगी का पता चलते ही उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल कोतवाली शहर की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर टीम ने 32,824.30 रुपये और 52,449.94 रुपये मिलाकर कुल 85,274.24 रुपये पीड़िता के खाते में वापस करा दिए।

खाते में पैसा वापस आने पर रीना सिंह और उनके पुत्र ने गुरुवार को साइबर सेल टीम का धन्यवाद किया। पुलिस की ओर से उन्हें साइबर ठगी से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया और अन्य लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह देने को कहा गया। कार्रवाई में शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर ओझा और महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव की भूमिका प्रमुख रही।