राष्ट्रीय स्वयंसेवक व्यक्ति निर्माण कार्य में लगा है : मुकुल कानिटकर
आरएसएस पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र कार्यकर्ता विकास वर्ग का हुआ समापन
मथुरा, 18 जून(हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करने के संकल्प की पूर्ति में लगा हुआ है। यही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना का उद्देश्य था। 1925 में प्रथम विश्व युद्ध के तुरंत बाद हमने अंग्रेजो से पूर्ण स्वराज्य मांगा था। डॉ० हेडगेवार उस समय दोनों प्रकार के आंदोलनों में संलग्न थे। डॉ० साहब का संकल्प था कि स्वतन्त्र भारत विश्व का सशक्त भारत भी हो।
यह विचार कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय विमर्श संयोजक मुकुल कानिटकर ने दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र दीनदयाल गऊ ग्राम परखम में मंगलवार शाम को आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम (सामान्य) वर्ग के समापन समारोह में व्यक्त किए।
उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि एक समरस समाज, एक भेदभाव रहित समाज सभी भारत माता के सपूत बनकर इस देश मे रहें ऐसा मंत्र ही हमने दिया है। हजारों वर्ष के संघर्ष के कारण भारत का हिन्दू समाज अपने अस्तित्व को भूल गया। हमारे ऋषियों ने सम्पूर्ण विश्व की सम्रद्धि का संदेश दिया। प्रत्येक के अंदर ईश्वर है तो यही समाजिक समरसता है।
आत्मीयता प्रत्येक के अंदर आत्मीयता हो यही कुटुंब प्रबोधन है। हिन्दू कहता है सर्वे भवन्तु सुखनः अर्थात सारी सृष्टि सुखी हो। यह राष्ट्र जो पृथ्वी को अपनी माँ मानता है और सुबह उठकर सबसे पहले पृथ्वी को प्रणाम कर अपनी दिनचर्या का प्रारम्भ करता है।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रोफेसर निर्मल चन्द्र प्रजापति कुलपति के०एम० विश्वविद्यालय ने कहा आजकी भौतिकता की पागलपन जैसी दौड़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धरातल से जुड़कर देश और समाज के युवाओं को राष्ट्र भक्ति के पथ पर आगे बढ़ा रहा है। यह आजकी भौतिक दुनिया मे बड़ा प्रशंसनीय कार्य है, इससे समाज व देश का हित होता है।
मंचासीन वर्ग सर्वाधिकारी शशांक भाटिया, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ० निर्मल चन्द्र प्रजापति, मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विमर्श संयोजक मुकुल कानिटकर एवं जिला संघ चालक दास बिहारी रहे। वर्ग व्यवस्था प्रमुख शिवकुमार ने धन्यवाद ज्ञापन एवं वर्ग प्रत्यावेदन वर्ग कार्यवाह नरेश ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक शिक्षार्थियों ने घोष की धुन के साथ तिष्ठ योग किया। बारिश होने के कारण कार्यक्रम खुले मैदान में न होकर हॉल में हुआ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय अधिकारी सुरेश, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र शर्मा, क्षेत्र कार्यवाह डॉ० प्रमोद शर्मा, वर्ग पालक धनीराम, प्रान्त प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार, सह प्रान्त प्रचारक विनोद, क्षेत्र व्यवस्था प्रमुख ललित, विभाग प्रचारक अरुण पांचजन्य, डॉ० संजय अग्रवाल, नरेंद्र पाठक, जगमोहन पाठक आदि दायित्ववान अधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।