उत्तर प्रदेश में आईजीआरएस पुलिस रैंकिंग में प्रयागराज प्रथम
उत्तर प्रदेश में आईजीआरएस पुलिस रैंकिंग में प्रयागराज प्रथम
उत्तर प्रदेश सरकार की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष के माह फरवरी के आईजीआरएस पुलिस रैंकिंग में पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
आईजीआरएस पोर्टल का संचालन प्रदेश सरकार की ओर से आम जनता की समस्याओं के त्वरित, समयबद्ध और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से किया जाता है। इसी क्रम में प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले 39 थानों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर मंगलवार को संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी प्रकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।