योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनायें: पंकज चोधरी
भाजपा ने प्रदेशभर में मंडल स्तर पर किया योग कार्यक्रमों का आयोजन
लखनऊ, 21 जून । भारतीय जनता पार्टी ने विश्व योग दिवस पर प्रदेश भर में योग कार्यक्रमों का आयोजन कर योग से निरोग का संदेश दिया। विश्व योग दिवस पर रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने महाराजगंज में पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ योग किया। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने हापुड़, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज, ब्रजेश पाठक ने लखनऊ तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के राजाजीपुरम् में विश्व योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर योग किया और जनमानस को योग से जुड़कर स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के साथ विकसित भारत के लक्ष्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में पिरोने का विज्ञान है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। हम सभी आज के दिन संकल्प लें कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनायेंगे और एक स्वस्थ, ऊर्जावान एवं सकारात्मक राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि सर्वे सन्तु निरामयाः का लोककल्याणकारी विचार भारतीय संस्कृति का विश्व को उपहार है और योग दर्शन उस विचार के मूल में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने प्रयासों से लोककल्याणकारी योग को लोकव्यापी बनाने का काम किया और उन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप भारत का योग विश्व का योग बन गया है।
योग भारतीय जीवन दर्शन का अमूल्य उपहार : धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के राजाजीपुरम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों के साथ योग किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन दर्शन का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का कार्य करता है। आज विश्व के करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हैं।
उन्होंने कहा कि योग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ का आधार है बल्कि एक सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। हम सभी नियमित योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ भारत और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें। योग से निरोग, योग से समृद्धि और योग से विकसित भारत का संकल्प साकार करने में अपना योगदान दें।
प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि विश्व योग दिवस पर केन्द्र सरकार में मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने आगरा, जयंत चौधरी ने मेरठ, हरदीप पुरी ने सोनभद्र तथा बीएल वर्मा ने लखनऊ में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर योग किया। मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि पार्टी ने विश्व योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया। योग शिविरों में प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्ति केंद्र तथा बूथ के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नगर निगम के महापौर व सदस्य, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य, आयोग, बोर्ड, निगम के अध्यक्ष व पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता स्थानीय नागरिकों के साथ विश्व योग दिवस के कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।