केशव भवन में आरएसएस पदाधिकारियों संग समाज से जुड़ी मांगों पर परिचर्चा करेगा महादलित परिसंघ : बबन रावत

केशव भवन में आरएसएस पदाधिकारियों संग समाज से जुड़ी मांगों पर परिचर्चा करेगा महादलित परिसंघ : बबन रावत

केशव भवन में आरएसएस पदाधिकारियों संग समाज से जुड़ी मांगों पर परिचर्चा करेगा महादलित परिसंघ : बबन रावत

कानपुर, 31 जनवरी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रविवार को महादलित परिसंघ समाज से संबंधित ऐतिहासिक, सामाजिक और अधिकारों से जुड़े विषयों पर बैठक कर विस्तार से चर्चा करेगी। प्रमुख मांगों में अमर शहीद गंगू मेहतर वाल्मीकि की आदमकद प्रतिमा कानपुर के चुन्नीगंज चौराहे पर स्थापित कराए जाने की मांग शामिल है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और योगदान से प्रेरणा ले सकें। यह बातें शनिवार को परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बबन रावत ने कही।

महादलित परिसंघ (भारत) के पदाधिकारियों ने आज परेड स्थित कानपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि 1857 की आज़ादी की लड़ाई के अमर सेनानी एवं मेहतर/वाल्मीकि समाज के कुल नायक अमर शहीद गंगू मेहतर वाल्मीकि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश महादलित परिसंघ एवं उसके सहयोगी संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक एक फरवरी को कानपुर स्थित संघ भवन (केशव भवन) में आयोजित की जाएगी।

इसके साथ ही गंगू बाबा की जीवनी को उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल कराने की मांग उठाई जाएगी, जिससे इतिहास में उपेक्षित रहे महापुरुषों को उचित सम्मान मिल सके। वर्षों से बंद पड़े राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के पुनर्गठन की मांग भी प्रमुख रूप से रखी जाएगी।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सभी शहरों में वाल्मीकि अंबेडकर आवास योजना के तहत वाल्मीकि बस्तियां बसाने, साथ ही महादलित वाल्मीकि समाज को विभिन्न बोर्डों, निगमों एवं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में समुचित प्रतिनिधित्व दिलाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया जाएगा।

बबन रावत ने बताया कि एक फरवरी को उत्तर प्रदेश महादलित परिसंघ एवं सहयोगी संगठनों के 151 प्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन आरएसएस के प्रांत प्रचारक/क्षेत्र प्रचारक को सौंपा जाएगा। यह बैठक समाज के सम्मान, अधिकार और भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।